Home Chandrapur My City सीडीसीसी बैंक को 36,757 किसानों की सूची प्राप्त, ₹276.71 करोड़ का कर्ज...

सीडीसीसी बैंक को 36,757 किसानों की सूची प्राप्त, ₹276.71 करोड़ का कर्ज होगा माफ

चंद्रपुर, 25 जुलाई: राज्य सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना–2026’ के तहत चंद्रपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (सीडीसीसी) को जिले के 36,757 पात्र किसानों की सूची प्राप्त हुई है। इन किसानों के ₹276 करोड़ 71 लाख के बकाया कृषि ऋण को माफ किया जाएगा।

यह योजना राज्य की अब तक की सबसे बड़ी किसान कर्जमाफी योजना मानी जा रही है। इसके तहत महाराष्ट्र के लगभग 56 लाख किसानों को लाभ मिलेगा और कुल ₹36,500 करोड़ की कर्जमाफी की जाएगी।
सीडीसीसी बैंक ने पहले 43,816 पात्र खाताधारकों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया था। पात्रता की जांच के बाद शुक्रवार रात बैंक को अंतिम सूची प्राप्त हुई। यह सूची बैंक की सभी शाखाओं, सहकारी संस्थाओं और ग्राम स्तर पर प्रकाशित कर दी गई है।
शनिवार को जिला परिषद के सामने स्थित सीडीसीसी बैंक शाखा में पात्र किसानों की सूची सार्वजनिक की गई। इस अवसर पर जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) जयसिंग ठाकुर, सीडीसीसी बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश्वर कल्याणकर सहित बैंक एवं सहकार विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों से अपील
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र किसान अपने आधार नंबर या सूची में दिए गए विशिष्ट क्रमांक के साथ ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ या संबंधित बैंक शाखा में जाकर बायोमेट्रिक/आधार प्रमाणीकरण अवश्य कराएं। प्रमाणीकरण के बाद ही कर्जमाफी की प्रक्रिया पूरी होगी।