Home Chandrapur My City बल्लारपुर में बंद घर का ताला तोड़कर 1.97 लाख की चोरी, पुलिस...

बल्लारपुर में बंद घर का ताला तोड़कर 1.97 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी,

बल्लारपुर: शहर के सरदार पटेल वार्ड स्थित एक बंद मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 1 लाख 97 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना सोमवार सुबह सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में बल्लारपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरदार पटेल वार्ड के डब्ल्यूसीएल काटा गेट निवासी मदनम्मा भानुदास येंगुलवार (58), जो डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्राथमिक विद्यालय में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं, रविवार दोपहर अपनी बेटी के साथ रिश्तेदार के घर गई थीं। रात अधिक होने के कारण दोनों वहीं रुक गईं।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब वे घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था तथा लोहे की अलमारी और लॉकर खुले हुए थे। जांच करने पर पता चला कि लॉकर से 10 ग्राम सोने की चेन, 5 ग्राम सोने की बालियां, 220 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 1 लाख रुपये नकद चोरी हो चुके थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1.97 लाख रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बल्लारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।