Home Chandrapur My City भद्रावती के अयान अजानी ने रचा इतिहास, CA फाउंडेशन 2026 में देशभर...

भद्रावती के अयान अजानी ने रचा इतिहास, CA फाउंडेशन 2026 में देशभर में हासिल की दूसरी रैंक

भद्रावती के अयान अजानी ने रचा इतिहास, CA फाउंडेशन 2026 में देशभर में हासिल की दूसरी रैंक
भद्रावती/चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले के भद्रावती निवासी अयान अब्बास अली अजानी ने CA फाउंडेशन परीक्षा 2026 में अखिल भारतीय स्तर (AIR) पर दूसरा स्थान हासिल कर जिले और पूरे विदर्भ का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि अयान ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद लिए केवल स्व-अध्ययन के दम पर 91.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
अयान की यह सफलता उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले उन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत तथा CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब CA फाउंडेशन जैसी देश की प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में AIR-2 हासिल कर उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
अपनी सफलता का श्रेय अयान ने अपने माता-पिता के सहयोग और नियमित स्व-अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी भी कोचिंग क्लास का सहारा नहीं लिया, बल्कि घर पर सुनियोजित ढंग से पढ़ाई कर और माता-पिता के मार्गदर्शन में परीक्षा की तैयारी की।
अयान की इस उपलब्धि से भद्रावती सहित पूरे चंद्रपुर जिले में खुशी का माहौल है। उनके परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस शानदार सफलता के बाद अयान ने CA इंटरमीडिएट की तैयारी शुरू कर दी है। उनका लक्ष्य एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर देश की आर्थिक प्रगति और समाज की सेवा में योगदान देना है।