Home Chandrapur My City आज से वारकरियों की ‘चरण सेवा’ का शुभारंभ’भक्ति विठोबा की, सेवा स्वास्थ्य...

आज से वारकरियों की ‘चरण सेवा’ का शुभारंभ’भक्ति विठोबा की, सेवा स्वास्थ्य की’ थीम पर मुख्यमंत्री सहायता निधि की पहल

मुंबई/चंद्रपुर, 1 जुलाई। आषाढ़ी वारी के दौरान पैदल पंढरपुर जाने वाले लाखों वारकरियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और ‘चरण सेवा’ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना पर आधारित ‘चरण सेवा’ अभियान का शुभारंभ किया गया है।
यह अभियान राज्य के 11 जिलों में पालखी मार्ग के लगभग 400 पड़ाव स्थलों पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए 12 हजार से अधिक डॉक्टर, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्स, पैरामेडिकल कर्मचारी, मेडिकल विद्यार्थी और स्वयंसेवक वारकरियों की सेवा में तैनात रहेंगे।
वारकरियों के पैरों पर पड़ने वाले तनाव को कम करने के लिए लगभग 3 हजार लीटर औषधीय आयुर्वेदिक तेल से पैरों की मालिश, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था की गई है। साथ ही जरूरत के अनुसार एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा पालखी मार्ग पर 8 स्वास्थ्य जागरूकता रथों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी, स्वच्छता का महत्व, संक्रामक एवं वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन वारकरियों तथा आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। चयनित स्थानों पर योग सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा।
धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाइक ने बताया कि पिछले वर्ष ‘चरण सेवा’ अभियान को वारकरियों का भरपूर समर्थन मिला था। इस अभियान के तहत 1 लाख 75 हजार से अधिक वारकरियों को चरण सेवा, स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की गई थी, जबकि 10 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 11 जिलों के लगभग 400 सेवा केंद्रों पर 12 हजार से अधिक डॉक्टर, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्स, पैरामेडिकल कर्मचारी, मेडिकल विद्यार्थी और स्वयंसेवक सेवाएं देंगे। साथ ही 3 हजार लीटर औषधीय आयुर्वेदिक तेल, एम्बुलेंस सेवा और 8 स्वास्थ्य जागरूकता रथों के माध्यम से पहले से अधिक व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
‘भक्ति विठोबा की… सेवा स्वास्थ्य की’ थीम पर आधारित इस ‘चरण सेवा’ अभियान के माध्यम से वारकरी परंपरा के सेवाभाव को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष ने सभी वारकरियों, दिंडी प्रमुखों और पालखी मार्ग के नागरिकों से इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।