
राजुरा | चंद्रपुर जिले की राजुरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 63 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से चंद्रपुर जिले के अलावा तेलंगाना राज्य में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को राजुरा निवासी प्रियदर्शन आशुतोष विश्वास (55) ने राजुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 से 2:00 बजे के बीच तहसील कार्यालय राजुरा के मुख्य गेट के सामने खड़ी उनकी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चुरा ले गए। शिकायत के आधार पर राजुरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 572/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक नितिन चिंचोलकर के नेतृत्व में डीबी (डिटेक्शन ब्रांच) की टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल वसंत टेकाम (20 वर्ष) और चेतन दिनेश मिलमिले (21 वर्ष), दोनों निवासी इंदिरानगर, चुनाला, तहसील राजुरा, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक बाइक राजुरा थाना क्षेत्र, एक रामनगर थाना क्षेत्र, एक कोरपना थाना क्षेत्र तथा तेलंगाना के वांकोड़ी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। बरामद सभी वाहनों की कुल कीमत करीब 2.63 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मॉडल की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है तथा संबंधित थाना क्षेत्रों को इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक इंद्रा काकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुधीर नंदनवार के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक नितिन चिंचोलकर के नेतृत्व में डीबी टीम और राजुरा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस ने इस सफलता को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी उपलब्धि बताया है तथा नागरिकों से अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।




