
चंद्रपुर। आगामी गणेशोत्सव-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चंद्रपुर पुलिस मुख्यालय के ड्रिल शेड में समीक्षा एवं योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने की।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अकनुरी नरेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकाडे, उपमंडल पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले, नगर निगम एवं विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जिले के विभिन्न गणेश मंडलों के प्रतिनिधि, मूर्तिकार, डीजे संचालक एवं मालिक सहित करीब 200 से 250 नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
पुलिस प्रशासन ने गणेश मंडलों से त्योहार के दौरान बेहतर समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। प्रत्येक मंडल को अपनी समन्वय समिति गठित करने, स्वयंसेवकों की नियुक्ति करने तथा मंडप परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन जुलूस के दौरान छोटे बच्चों को वाहनों पर बैठाने से बचने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
प्रशासन ने इस वर्ष पारंपरिक वाद्ययंत्रों के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष जोर देते हुए सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही सभी गणेश मंडलों से प्रशासन द्वारा आयोजित ‘आदर्श गणेश मंडल प्रतियोगिता’ में स्वेच्छा से भाग लेने का आग्रह किया गया।
गणेशोत्सव में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक में स्पष्ट किया गया कि श्री गणेश चतुर्थी से पूरे चंद्रपुर जिले में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं सरकार द्वारा निर्धारित ध्वनि प्रदूषण मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। डीजे संचालकों, मालिकों और गणेश मंडलों से इस निर्णय में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन एवं चंद्रपुर जिला पुलिस ने बताया कि गणेशोत्सव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस ने सभी नागरिकों और गणेश मंडलों से प्रशासन द्वारा जारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।




