Home Chandrapur My City चंद्रपुर में एलसीबी की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस...

चंद्रपुर में एलसीबी की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

चंद्रपुर: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिलशान काजी सादिक काजी उर्फ धीरज मोहन दयाल (30) निवासी सपना टॉकीज के पास, जलनगर वार्ड, चंद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद सामान की कुल कीमत 37,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम रामनगर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास मुन्ना कैंटीन क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर खड़ा है और लोगों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसकी कमर से एक पुरानी लोहे की पिस्तौल तथा पैंट की पिछली जेब से पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपये मूल्य की पिस्तौल, 2,500 रुपये मूल्य के पांच जिंदा कारतूस तथा 10 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 37,500 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में रामनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आगे की जांच के लिए रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।