
चंद्रपुर, 10 जुलाई 2026। चंद्रपुर महानगरपालिका द्वारा 160 सफाईकर्मियों को कार्य से हटाए जाने के बाद शहर में नालों की सफाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पावस के बीच कई इलाकों में नालों में गंदगी जमा होने, दुर्गंध फैलने और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर जोन क्रमांक-2 की सभापति वैशाली प्रकाश चंदनखेड़े ने महानगरपालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में वैशाली चंदनखेड़े ने कहा कि पिछले पांच दिनों से नागरिक लगातार नालों की सफाई नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मानसून से पहले आवश्यक तैयारियां नहीं की गईं। उन्होंने महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 1949 की धारा 61(1) का हवाला देते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना महानगरपालिका की कानूनी जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—48 घंटे के भीतर सभी नालों की युद्धस्तर पर सफाई शुरू की जाए, हटाए गए 160 सफाईकर्मियों को तत्काल बहाल किया जाए तथा पूरे मानसून के लिए विशेष कार्ययोजना घोषित की जाए।
चंदनखेड़े ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर मांगों पर अमल नहीं हुआ तो सभी नगरसेवकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष चंदाताई वैरागड़े, वसंतराव देशमुख, तवांगर खान, अनिता चावके, करिश्मा जंगम, सचिनभाऊ कत्याल, कुमार पोतलवार, बंडू जांघड़े और रमीज शेख सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




