संगठित अपराध और नशे के कारोबार में सक्रिय गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंद्रपुर। चंद्रपुर शहर में मादक पदार्थों का नेटवर्क फैलाने और शरीर संबंधी गंभीर अपराधों में लगातार सक्रिय रहने वाले एक सराईत गिरोह के खिलाफ चंद्रपुर पुलिस ने बड़ी और प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। चंद्रपुर पुलिस के इतिहास में पहली बार मादक पदार्थ विक्रेताओं के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1999 (MCOCA) के तहत कार्रवाई की गई है।
रामनगर पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 980/2026 में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 8(क), 20(b)(ii)(b) और 29 के तहत मादक पदार्थों की अवैध बिक्री का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, संबंधित आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के अलावा मारपीट सहित शरीर के विरुद्ध किए गए कुल 21 गंभीर अपराध दर्ज हैं। सभी आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में सराईत अपराधी के रूप में दर्ज हैं। गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र के समक्ष MCOCA कार्रवाई का विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।
प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र ने इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) 1999 की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) लागू करने की अनुमति प्रदान की। इसके बाद 4 सितंबर 2026 को सभी संबंधित आरोपियों के खिलाफ MCOCA की धाराएं बढ़ाकर कानूनी कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक श्री ईश्वर कातकाडे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। रामनगर पुलिस थाने की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके तथा उनके डी.बी. पथक के पुलिस कर्मचारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
चंद्रपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





