चंद्रपुर। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 5 सितंबर 2026 की तड़के बल्लारपुर-बामणी मार्ग पर पुलिस ने जाल बिछाकर ओडिशा से लाया गया करीब 5.749 किलो गांजा जब्त किया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से गांजा, दो मोबाइल फोन, नकदी और मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किया गया सामान समेत करीब 3.32 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम चंद्रपुर शहर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति बल्लारपुर से बामणी होते हुए चामोर्शी की ओर गांजे की खेप लेकर जाने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जानकारी दी गई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर राजपत्रित अधिकारी और पंचों की मौजूदगी में बल्लारपुर-बामणी मार्ग पर होंडा शोरूम तथा जियो सेंटर के पास जाल बिछाया गया।
5 सितंबर की रात करीब 2.35 बजे पुलिस को सूचना में बताए गए हुलिए से मिलते-जुलते दो संदिग्ध व्यक्ति लाल-काले रंग की बैग लेकर बामणी की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मंगेश संतोष उंदीरवाडे (23), निवासी सोनापुर, तहसील चामोर्शी, जिला गडचिरोली और सागर बाबूराव मरगडे (19), निवासी निमगांव, तहसील पवनी, जिला भंडारा बताया।
इसके बाद राजपत्रित अधिकारी एवं पंचों की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से ब्राउन पैकिंग टेप से लिपटे पार्सल तथा खुला गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 5.749 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन, 3,800 रुपये नकद और बैग समेत लगभग 3.32 लाख रुपये का माल जब्त किया।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा राज्य से लाने की जानकारी दी है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ बल्लारपुर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश हिवसे, पुलिस उपनिरीक्षक विनोद भुरले, पुलिस उपनिरीक्षक सुनील गोरकर, पुलिस हवलदार सतीश आवठारे, इम्रान खान, लाले यादव, संदीप, प्रफुल गारघाटे, किशोर वैरागडे, हिरालाल गुप्ता, पुलिस अंमलदार किशोर वाकडे, शशांक बदामवार, चालक पुलिस अंमलदार मिलिंद टेकाम तथा साइबर पुलिस स्टेशन के पुलिस हवलदार कार्तिक खणके की टीम शामिल रही।





