विधानमंडल दल के नेता विधायक विजय वडेट्टीवार के निर्देशों के बाद तेज हुई कार्रवाई

चंद्रपुर: दक्षिण ब्रह्मपुरी वन परिक्षेत्र के हल्दा-आवलगांव इलाके में दहशत का कारण बनी आदमखोर T-120 बाघिन को आखिरकार वन विभाग की विशेष टीम ने सफल अभियान चलाकर पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वहीं, विधानमंडल दल के नेता एवं विधायक विजय वडेट्टीवार द्वारा लगातार किए गए फॉलो-अप और निर्देशों को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है।
बताया गया कि 9 जुलाई 2026 को बल्लारपुर निवासी अनिल भास्कर दिवटे (32) की बाघिन के हमले में दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद विधायक विजय वडेट्टीवार ने तत्काल मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर आदमखोर बाघिन को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक संसाधन तत्काल लगाने पर जोर दिया था।
घटना के बाद बाघिन लगातार खेतों और गांव के आसपास दिखाई दे रही थी, जिससे किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक वडेट्टीवार ने वन विभाग की खोज अभियान की लगातार समीक्षा की और अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हुए अभियान में तेजी लाने का आग्रह किया।
आखिरकार 29 जुलाई को आवलगांव उपक्षेत्र के हल्दा नियतक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 222 में वन विभाग की विशेष टीम ने बाघिन को डार्ट मारकर बेहोश किया और सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। यह अभियान उपवन संरक्षक डॉ. कुमारस्वामी एस. आर. के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सक डॉ. रविकांत खोब्रागड़े, शूटर अजय सी. मराठे तथा रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आदमखोर T-120 बाघिन के पकड़े जाने के बाद हल्दा, आवलगांव और आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। मृतक के परिवार को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विधायक विजय वडेट्टीवार द्वारा किए गए प्रयासों की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।




