चंद्रपुर: चंद्रपुर की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरफोड़ चोरी के एक आरोपी को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ₹3 लाख की नकदी बरामद की है। मामले में शेष रकम की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, सौ. राकेश अवघडे (44 वर्ष), निवासी डीएसके ग्रीन कॉलोनी, दाताला, चंद्रपुर ने रामनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड के पास पैलेस होटल के पीछे स्थित उनके कार्यालय से अज्ञात चोर ₹6 लाख की नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 956/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 331(4) के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे ने एक विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचना और गहन जांच के आधार पर आरोपी वलेश कुमार हल्बा उर्फ बुवारिया (38 वर्ष), निवासी रेंगाकठेरा, पोस्ट डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पंचों की उपस्थिति में चोरी की रकम में से ₹3 लाख नकद बरामद किए गए। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 27 जुलाई 2026 को चंद्रपुर बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक कार्यालय से ₹6 लाख की नकदी चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी से बरामद नकदी जब्त कर ली है, जबकि चोरी की शेष रकम की तलाश जारी है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन में, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।




