Home Chandrapur My City निर्माण कार्य में लापरवाही: तीन फीट गहरे गड्ढे में धंसी कार, सुरक्षा...

निर्माण कार्य में लापरवाही: तीन फीट गहरे गड्ढे में धंसी कार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वरोरा | प्रतिनिधि
नागपुर-चंद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीओटी मॉडल के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह करीब तीन फीट गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
ताजा घटना गुरुवार (30 जुलाई) को रत्नमाला चौक के पास हुई, जहां एक कार पानी से भरे गहरे गड्ढे में धंस गई। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत बचाव कार्य करते हुए कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही एक बार फिर सामने आ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी निर्माणाधीन मार्ग पर पहले भी गड्ढे में गिरने से एक महिला की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कंपनी की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
नागरिकों के अनुसार, निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रात के समय प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों का अभाव है। ऐसे में लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। फिलहाल होमगार्ड के जवान यातायात नियंत्रित कर रहे हैं, लेकिन इसे केवल अस्थायी व्यवस्था माना जा रहा है।
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से भी बढ़ी समस्या
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि निर्माणाधीन मार्ग पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), बीओटी कंपनी और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।