चंद्रपुर | ताडाली एमआईडीसी
चंद्रपुर जिले के ताडाली एमआईडीसी स्थित सन विजय एलॉयज एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों एवं प्रबंधन द्वारा कथित प्रशासनिक दबाव के मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में शांतिपूर्ण आंदोलन में भाग लेने के कारण श्रमिक प्रतिनिधि सुनील पारखी के निलंबन को दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने और उन्हें सम्मानपूर्वक पुनः सेवा में लेने की मांग की गई। साथ ही आंदोलन के दौरान काटे गए वेतन का शीघ्र भुगतान करने तथा श्रमिकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की बात कही गई।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि श्रमिकों को नियमानुसार वार्षिक वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ता (डीए), वीडीए (VDA), पीएफ (PF) और ईएसआईसी (ESIC) जैसी सभी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश का भुगतान और ओवरटाइम की राशि सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में जमा कर अधिकृत वेतन पर्ची (पे-स्लिप) उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कंपनी परिसर में ठेकेदारों के माध्यम से सुरक्षा उपकरण एवं सुरक्षा जूते अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल पर दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित श्रमिकों को उचित मुआवजा देने के निर्देश भी प्रबंधन को दिए गए।
बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि श्रमिकों के आर्थिक और मानसिक शोषण अथवा प्रबंधन की किसी भी प्रकार की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रमिकों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।





