Home Chandrapur My City चंद्रपुर के सभी स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं के लिए शिकायत पेटी लगाने की...

चंद्रपुर के सभी स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं के लिए शिकायत पेटी लगाने की मांग, भाजपा महिला मोर्चा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

चंद्रपुर। छात्राओं की सुरक्षा और उनके साथ होने वाली छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में छात्राओं के लिए शिकायत पेटी (कम्प्लेंट बॉक्स) लगाने की मांग की गई है।


भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि जून माह से स्कूल और कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। वर्तमान समय में छात्राओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, अश्लील इशारे, अपमानजनक टिप्पणियां, अशोभनीय भाषा का प्रयोग तथा यौन उत्पीड़न जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई बार छात्राएं बदनामी के डर या सामाजिक संकोच के कारण न तो अपने शिक्षकों से और न ही परिवार के सदस्यों से अपनी पीड़ा साझा कर पाती हैं।

ऐसी स्थिति में प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में शिकायत पेटी लगाए जाने से छात्राएं अपनी शिकायत गोपनीय तरीके से दर्ज करा सकेंगी। भाजपा महिला मोर्चा ने मांग की है कि जिला पुलिस समय-समय पर इन शिकायत पेटियों की जांच करे और प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। इससे छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का विश्वास भी बढ़ेगा।

इस संबंध में भाजपा महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महानगरपालिका सभागृह नेता जयश्री जुमडे, नम्रता आचार्य-ठेमस्कर, नगरसेविका सविता सरकार, महिला शहर अध्यक्ष छबू वैरागड़े, पूर्व नगरसेविका चंद्रकला सोयाम, आशा आबोजवार, कल्पना बगुलकर, मोनिशा महातव, सीमा धुर्वे, हिना शेख, समिस्ता शेख, रुपाली आंबटकर तथा ज्योति वेलके सहित भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।