Home Chandrapur My City स्कूल प्रवेशोत्सव के अवसर पर 219 अधिकारी करेंगे जिला परिषद स्कूलों का...

स्कूल प्रवेशोत्सव के अवसर पर 219 अधिकारी करेंगे जिला परिषद स्कूलों का दौरा

विद्यार्थियों कोपहले ही दिन निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण
चंद्रपुर, 29 जून : शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ 30 जून 2026 से होगा। पहले दिन को “पुस्तक दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने तथा नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्सवपूर्ण वातावरण में करने के उद्देश्य से स्कूल के पहले एवं दूसरे दिन जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने निकटवर्ती कम से कम एक विद्यालय का दौरा कर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करेंगे। जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विद्यालयों का भ्रमण करेंगे।
जिला परिषद के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा राज्य शासन के अन्य विभागों के वर्ग-2 एवं उससे ऊपर के कुल 219 अधिकारी जिला परिषद स्कूलों का दौरा कर स्कूल प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सहभागी होंगे। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जाएगा। कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों का फूल देकर स्वागत किया जाएगा।
विद्यालय में प्रवेश योग्य प्रत्येक बच्चे तथा स्कूल से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उनका नियमित विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। विशेष रूप से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर सभी बालिकाओं के शत-प्रतिशत नामांकन के लिए विशेष योजना बनाई गई है। प्रवेशोत्सव के दौरान संबंधित विभागों के क्षेत्रीय अधिकारी विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
शिक्षकों द्वारा पूरे वर्ष किए जाने वाले शैक्षणिक कार्यों की रूपरेखा एवं संकल्प लिया जाएगा। साथ ही 100 प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प भी किया जाएगा। यह जानकारी शिक्षा अधिकारी अश्विनी सोनवणे ने दी।