Home Chandrapur My City सीडीसीसी बैंक के 43,816 पात्र किसानों का डेटा पोर्टल पर अपलोडपुण्यश्लोक अहिल्यादेवी...

सीडीसीसी बैंक के 43,816 पात्र किसानों का डेटा पोर्टल पर अपलोड
पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर कर्जमुक्ति योजना-2026

चंद्रपुर, 29 जून। किसानों को कर्ज के बोझ से राहत देने और उन्हें आगामी खरीफ सीजन के लिए दोबारा फसल ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार द्वारा ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर कर्जमुक्ति योजना-2026’ लागू की गई है। इस योजना के तहत चंद्रपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (सीडीसीसी) के 43,816 पात्र किसानों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। यह जानकारी जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) जयसिंह ठाकूर ने दी।
योजना के अनुसार 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच लिए गए एक या एक से अधिक अल्पकालीन फसल ऋण, जो 30 सितंबर 2025 तक बकाया रहे तथा 31 मार्च 2026 तक चुकाए नहीं गए हों, ऐसे ऋणों पर राज्य सरकार 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी देगी।
यदि किसी किसान पर 2 लाख रुपये से अधिक का बकाया ऋण है, तो किसान को 31 मार्च 2027 तक 2 लाख रुपये से अधिक की राशि बैंक में जमा करनी होगी। इसके बाद सरकार शेष 2 लाख रुपये की कर्जमाफी सीधे बैंक में जमा करेगी। वहीं नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले किसानों को 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन अनुदान भी दिया जाएगा।
जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के कुल 43,862 खाताधारकों में से 43,816 पात्र किसानों का डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। शेष 46 मामलों में से 10 किसानों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है, जबकि 36 मामलों में तकनीकी कारणों से जानकारी अपलोड नहीं हो सकी है।
तालुकावार अपलोड किए गए पात्र किसानों की संख्या इस प्रकार है:
चंद्रपुर – 1,122
सिंदेवाही – 2,405
राजुरा – 3,014
नागभीड़ – 3,851
भद्रावती – 2,092
ब्रह्मपुरी – 4,670
चिमूर – 5,451
पोंभूर्णा – 2,187
मूल – 2,033
वरोरा – 4,076
कोरपना – 5,663
सावली – 2,794
गोंडपिपरी – 3,891
बल्लारपुर – 567
किसानों से अपील
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को अपना आधार नंबर अथवा सूची में दिए गए विशिष्ट पहचान क्रमांक के साथ आपले सरकार सेवा केंद्र या संबंधित बैंक में जाकर बायोमेट्रिक/आधार प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है। जानकारी का सत्यापन होने के बाद राज्य सरकार कर्जमाफी की राशि सीधे किसानों के ऋण खाते में जमा करेगी।