
मूल: राजोली और डोंगरगांव क्षेत्र में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ राजस्व विभाग ने पांच दिन पहले देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा ट्रक और एक पोकलेन मशीन जब्त की थी। हालांकि कार्रवाई के पांच दिन बाद भी संबंधित लोगों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए तीनों हाइवा वाहन एक पूर्व कांग्रेस पदाधिकारी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस मामले में राजनीतिक दबाव की भी चर्चा हो रही है।
राजस्व विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अवैध खनन और परिवहन पर जुर्माना व वसूली के साथ-साथ आपराधिक कार्रवाई का भी प्रावधान है। ऐसे में केवल नोटिस देकर मामला समाप्त होगा या फिर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
इस संबंध में प्रभारी तहसीलदार विजय पंडिले ने बताया कि वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर उनका लिखित पक्ष मांगा गया है। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




