
चंद्रपुर | शहर के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित मित्र नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावर ने एक युवक पर पत्थर से जानलेवा हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मृतक की पहचान संतोष अरुण भेंडे (मूल निवासी पाला गांव, जिला अमरावती) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संतोष मित्र नगर क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावर ने बड़े पत्थर से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उपविभागीय पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद मित्र नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




