
रक्त की कमी दूर करने के लिए जिला प्रशासन की पहल
चंद्रपुर, 23 जून। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण रक्तदान का महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए तथा जिले में रक्त की कमी को देखते हुए चंद्रपुर जिला प्रशासन ने रक्त संग्रह बढ़ाने के लिए विशेष पहल की। मंगलवार को नियोजन भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
चंद्रपुर जिला प्रशासन तथा कर्मवीर मा. सा. कन्नमवार शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में नियोजन भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 से 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार, नायब तहसीलदार अजय मेकलवार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
सरकारी रक्त केंद्र के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में 15,258 यूनिट रक्त का संकलन हुआ था, जबकि चालू वर्ष में अब तक लगभग साढ़े पांच हजार यूनिट रक्त ही एकत्र हो पाया है। रक्त संग्रह में आई कमी के कारण जरूरतमंद मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रक्त की इस कमी को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने जिलेभर में बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है। प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर रक्तदान करने और मानवता की इस सेवा में सहभागी बनने की अपील की है।
“रक्तदान महादान है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” जिला प्रशासन ने इसी संदेश के साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया है।



