
मुंबई/चंद्रपुर, 23 जून। प्रेस एवं नियतकालिक पंजीकरण अधिनियम, 2023 के तहत पंजीकृत प्रत्येक समाचार पत्र एवं नियतकालिक के लिए वित्तीय वर्ष का लेखापरीक्षित वार्षिक विवरण पत्र (Annual Statement) प्रेस सेवा पोर्टल (PSP) पर ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य है। वित्तीय वर्ष 2024-25 का वार्षिक विवरण पत्र अभी तक जमा नहीं करने वाले प्रकाशकों को 30 जून 2026 तक अंतिम अवसर दिया गया है। इसके बाद किसी भी प्रकार की समय-सीमा बढ़ाने पर विचार नहीं किया जाएगा। यह जानकारी भारत सरकार के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल, नई दिल्ली द्वारा जारी निर्देशों में दी गई है।
प्रेस एवं नियतकालिक पंजीकरण अधिनियम, 2023 की धारा 14(1)(ब) तथा 14(3) के अनुसार निर्धारित समय सीमा में वार्षिक विवरण पत्र जमा नहीं करने पर संबंधित प्रकाशक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। पहली बार चूक होने पर न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक अगली चूक पर जुर्माने की राशि पूर्व जुर्माने की दोगुनी होगी। हालांकि, कुल जुर्माने की अधिकतम सीमा 2 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
प्रेस रजिस्ट्रार जनरल, नई दिल्ली ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 का वार्षिक विवरण पत्र अब तक जमा नहीं करने वाले सभी प्रकाशक 30 जून 2026 तक इसे ऑनलाइन अनिवार्य रूप से दाखिल करें। निर्धारित तिथि के बाद विवरण पत्र जमा नहीं करने पर अधिनियम के प्रावधानों के तहत 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों ने सभी संबंधित प्रकाशकों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।



