ब्रह्मपुरी (चंद्रपुर), 26 जुलाई 2026: ब्रह्मपुरी पुलिस ने अवैध विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 3.25 लाख रुपये मूल्य की शराब और वाहन जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मौजा गांगलवाड़ी से एक सफेद रंग की चारपहिया कार में विदेशी शराब की पेटियां बिक्री के लिए आरमोरी (जिला गड़चिरौली) ले जाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रमोद बानबले के मार्गदर्शन में मेंडकी चौकी की पुलिस टीम ने गांगलवाड़ी रोड पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MH-34-AM-6730) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से 8 गत्ते के बक्सों में रखे हायवर्ड 5000 कंपनी के 500-500 मिलीलीटर के कुल 192 सीलबंद बीयर कैन बरामद हुए। जब्त शराब की कीमत 25,920 रुपये आंकी गई। इसके अलावा 3 लाख रुपये मूल्य की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 3,25,920 रुपये का माल जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप प्रदीप बंडी (38 वर्ष) तथा दीपक भास्कर जराते (19 वर्ष), दोनों निवासी गोकुलनगर, गड़चिरौली के रूप में हुई है।
इस मामले में ब्रह्मपुरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 959/2026 के तहत महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की धारा 65(अ) एवं 83 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी साहिल झरकर तथा पुलिस निरीक्षक प्रमोद बानबले के मार्गदर्शन में मेंडकी चौकी के पुलिस उपनिरीक्षक चव्हाण, पुलिस हवलदार लेनगुरे तथा पुलिस आरक्षक अमोल ने संयुक्त रूप से की।




