भिसी पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

चंद्रपुर/चिमूर: भिसी पुलिस ने बिजली के एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 21 स्पैन एल्युमिनियम तार, वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 7 लाख 1 हजार रुपये का माल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण केंद्र भिसी के जूनियर इंजीनियर कृपाल महादेव लांजे (40) ने भिसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मौजा टिटवी शेतशिवार क्षेत्र में कृषि पंपों को जोड़ने वाले करीब 21 स्पैन एल्युमिनियम तार, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 51 हजार रुपये थी, 12 अगस्त से 18 अगस्त 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था।
शिकायत के आधार पर भिसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने मनीष उर्फ चंद्रभान सुभाष वाकड़े (29), निवासी पारादपार, तहसील चिमूर, तथा कबाड़ की दुकान से जुड़े स्वप्निल सुनील हजारे (20) और कुणाल गणेश हजारे (19) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जांभुलघाट, तहसील चिमूर क्षेत्र से एल्युमिनियम तार चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों आरोपियों को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 24 अगस्त को पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) मंजूर की गई। वर्तमान में आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए 21 स्पैन एल्युमिनियम तार, कीमत 1.51 लाख रुपये, वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, कीमत 5 लाख रुपये, तथा अन्य सामग्री जब्त की। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 7.01 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में सोमेश्वर काशीनाथ चौधरी, निवासी पारादपार, तहसील चिमूर, फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रपुर आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े और उपविभागीय पुलिस अधिकारी चिमूर दिनकर ठोसरे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में भिसी थाने के थानेदार मंगेश भोंगड़े, सपोनि सर्वेश बेलसरे, पोन. अमोल कचोरे, पोहवा नितिन कुरेकर, प्रमोद कोटनाके, अमोल सावे, चपोअन गजानन मडावी, एस. फौ. बालकृष्ण जिभकाटे, पोवन सुनील घोडमारे, सतीश जिल्पे, मंगेश चौधरी, वैभव गोहाणे सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





