Home Chandrapur My City शराब के नशे में पिकअप चालक ने मचाया कहर, मेडिकल कारोबारी की...

शराब के नशे में पिकअप चालक ने मचाया कहर, मेडिकल कारोबारी की मौत

बल्लारपुर-बामणी मार्ग पर एक के बाद एक लोगों को मारी टक्कर; चार घायल, आरोपी चालक भी गंभीर

बल्लारपुर। बल्लारपुर-बामणी मार्ग पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जमकर कहर बरपाया। शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक ने एक के बाद एक कई लोगों और एक वाहन को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मेडिकल व्यवसायी अरशद मुबारक खान (48) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अरशद खान बामणी स्थित अपना मेडिकल स्टोर बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुनानक कॉलेज के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अरशद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

हादसे के बाद भी पिकअप चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ता रहा। रास्ते में एक जानवर को टक्कर मारने के बाद उसने भगतसिंह वार्ड के पास दोपहिया वाहन सवार आदित्य लक्ष्मण, रमेश मोहन मुंडेवाली (35) और प्रवीण संतोष ढेंगर (31) को भी टक्कर मार दी। तीनों घायल हुए हैं।

इसके बाद पिकअप चालक ने देहली गांव के पास एमएच-16 के-9199 क्रमांक के ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक की डीजल टंकी फट गई और बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया। हादसे में पिकअप चालक बालाजी लक्ष्मण कोंडे भी गंभीर रूप से घायल हुआ।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह चालक का नशे में वाहन चलाना और तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।