चंद्रपुर | प्रतिनिधि
चंद्रपुर जिले के गोंडपिपरी पुलिस ने प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 25,350 रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मौजा फुरडी हेती निवासी संघराज केशव तेलसे (50 वर्ष) अपने घर में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर गोंडपिपरी पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से उसके घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से 14 सीलबंद ‘होला हुक्का’ के पैकेट (प्रत्येक 1 किलोग्राम) तथा 8 पैकेट ‘ईगल’ तंबाकू (प्रत्येक 400 ग्राम) बरामद किए गए। जब्त किए गए प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की कीमत 6,800 रुपये बताई गई, जबकि कार्रवाई के दौरान कुल 25,350 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया।
इस मामले में आरोपी संघराज केशव तेलसे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123, 223, 274 एवं 275 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26(1), 26(2)(i), 26(2)(iv), 27(3)(e), 30(2)(a) एवं 59 के तहत गोंडपिपरी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सत्यजीत अमले, गोंडपिपरी थाना प्रभारी रमेश हट्टीगोटे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में पुलिस हवलदार अनुप कावठेकर, पुलिस अमलदार सचिन झाडे, सुनील गव्हारे तथा चालक पुनेश्वर कुलमेथे सहित अन्य अधिकारियों का सहयोग रहा।





