चंद्रपुर। रोटरी क्लब ऑफ चांदा फोर्ट का वार्षिक पदग्रहण एवं नई कार्यकारिणी गठन समारोह शनिवार, 11 जुलाई 2026 को होटल तिरुपति क्राउन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नए रोटरी वर्ष के लिए क्लब की नई नेतृत्व टीम ने विधिवत पदभार ग्रहण किया तथा नए सदस्यों का स्वागत किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी तथा उनकी धर्मपत्नी मानसी मोरे नोपानी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्रांतपाल आशीष गुप्ता (वणी) ने की। अपने संबोधन में एसपी आयुष नोपानी ने रोटरी क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में प्रभावी पहल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष इब्राहिम जवेरी एवं सचिव ताहेर अली ने अपनी नई कार्यकारिणी के साथ विधिवत पदभार ग्रहण किया। नई टीम में रोटेरियन योगेश सालफले, हेमंत कुलकर्णी, वीरेंद्र हजारे, राजेश पटेल एवं सुधीर ठाकरे निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में शामिल हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष संजय गडेवार ने अपने कार्यकाल में किए गए विभिन्न सेवा कार्यों एवं परियोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया तथा नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब की परंपराओं को आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।
समारोह का एक विशेष आकर्षण नए सदस्यों का रोटरी परिवार में स्वागत रहा। चिन्मय भागवत, शादाब, कामरान, आमिर एवं अभिषेक डोईफोडे ने रोटरी की सदस्यता ग्रहण करते हुए “सेवा ही सर्वोपरि” के आदर्श को अपनाने तथा समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ रोटेरियन, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम के परियोजना निदेशक रोटेरियन जयंत साल्वे थे, जिनके मार्गदर्शन में समारोह का सफल आयोजन किया गया।





