Home Chandrapur My City गोंडपिपरी पुलिस की अवैध रेत तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 30.20 लाख रुपये...

गोंडपिपरी पुलिस की अवैध रेत तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 30.20 लाख रुपये के दो ट्रैक्टर, ट्रॉली और जेसीबी जब्त

चंद्रपुर: गोंडपिपरी पुलिस की अवैध रेत तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 30.20 लाख रुपये के दो ट्रैक्टर, ट्रॉली और जेसीबी जब्त

चंद्रपुर, 15 जुलाई 2026। गोंडपिपरी पुलिस ने अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख 20 हजार रुपये मूल्य के दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन जब्त की है। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि मौजा तारदा से कुलथा जाने वाले मार्ग पर संतोष देवड़े के खेत के पास खुले क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा है। साथ ही जेसीबी मशीन की मदद से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेत भरकर उसका अवैध परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर गोंडपिपरी पुलिस ने पंचों के साथ मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बिना पंजीकरण का लाल रंग का महिंद्रा सरपंच 475 डीआई ट्रैक्टर एवं ट्रॉली, लाल रंग का मैसी फर्ग्यूसन 9500 ट्रैक्टर (बिना नंबर) तथा ट्रॉली (क्रमांक MH-34-L-9927) बरामद की गई। इसके अलावा रेत भरने में इस्तेमाल की जा रही पीले रंग की जेसीबी 3DX प्लस मशीन भी जब्त की गई, जिस पर कोई पंजीकरण नंबर नहीं था।

पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी मशीन और रेत सहित कुल 30 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।

इस मामले में आशिक नरेश मदावी (19), रितेश देवेंद्र बटुटे (30), प्रज्वल विश्वनाथ कोहपारे (19), हेमंत बंदू निखाडे (28), सचिन सुरेश चैपल (22) तथा जेसीबी मालिक लोकाश देवेंद्र बट्टे (20) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच गोंडपिपरी पुलिस कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सत्यजीत आमले तथा गोंडपिपरी पुलिस स्टेशन के प्रभारी एवं पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।