Home Chandrapur My City विदर्भ राज्य निर्माण के लिए 8 सितंबर को जनसंकल्प मेळावा

विदर्भ राज्य निर्माण के लिए 8 सितंबर को जनसंकल्प मेळावा

अहेरी में जुटेंगे विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के पदाधिकारी और समर्थक

चंद्रपुर: 31 दिसंबर 2027 से पहले स्वतंत्र विदर्भ राज्य के निर्माण की मांग को लेकर विदर्भ राज्य आंदोलन समिति ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत आगामी 8 सितंबर को दोपहर 1 बजे गड़चिरोली जिले के अहेरी स्थित इंडियन पैलेस फंक्शन हॉल, महागांव रोड पर भव्य ‘विदर्भ निर्माण जनसंकल्प मेळावा’ आयोजित किया गया है। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष एडवोकेट वामनराव चटप ने चंद्रपुर में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।

समिति के अनुसार, 17 अक्टूबर 1957 को पूर्व सांसद राजे विश्वेश्वरराव महाराज और एडवोकेट टी. जी. देशमुख ने नाग विदर्भ आंदोलन समिति की स्थापना की थी। अहेरी की भूमि से ही स्वतंत्र विदर्भ के लिए ऐतिहासिक जनआंदोलन की शुरुआत हुई थी। इसके बाद पूर्व विधायक राजे सत्यवानराव आत्राम ने भी इस आंदोलन को लगातार आगे बढ़ाया।

इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को देखते हुए अहेरी क्षेत्र में स्वतंत्र विदर्भ की मांग को और मजबूती देने के उद्देश्य से इस जनसंकल्प मेळावे का आयोजन किया गया है।

मेळावे की अध्यक्षता एडवोकेट वामनराव चटप करेंगे, जबकि उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पोहरे के हाथों होगा। कार्यक्रम में अर्थशास्त्री डॉ. श्रीनिवास खांदेवाले, सरदार जगजीत सिंह, महिला आघाड़ी अध्यक्ष प्रा. मंजुषा तिरपुड़े, मुकेश मासके, अरुण केदार, प्रा. डॉ. पी. आर. राजपूत, सुनील चोखारे, एडवोकेट सुरेश संभाजी शर्के, तात्यासाहेब मत्ते, डॉ. रमेश गजबे, प्रा. डॉ. पद्मा राजपूत, संजय केवट, शिवाजी जाधव और शंकरपारे प्रमुख अतिथि के रूप में मार्गदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रा. डॉ. नीरज खोब्रागड़े संभालेंगे।

पत्रकार परिषद में कपिल इद्दे, अंकुश वाघमारे, संजय भिमनवार, मुन्ना आवळे, किशोर दहीकर, मुन्ना खोब्रागड़े, एडवोकेट तबस्सुम और गोपी मित्र उपस्थित थे।

समिति ने विदर्भ राज्य की मांग को लेकर चलाए जा रहे जनआंदोलन को और व्यापक बनाने का आह्वान किया है।