Home Chandrapur My City ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल, सड़क पर मिली ₹15...

ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल, सड़क पर मिली ₹15 हजार की नकदी व्यापारी को लौटाई

चंद्रपुर, 24 अगस्त 2026: चंद्रपुर शहर में ट्रैफिक पुलिस के एक जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर गिरी ₹15,000 की नकदी उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित वापस लौटाई।

वाहतूक नियंत्रण शाखा, चंद्रपुर में तैनात पुलिस हवलदार सुभाष जाधव (ब. नं. 1949) सोमवार को कस्तूरबा चौक स्थित सिग्नल प्वाइंट पर नियमित यातायात नियंत्रण ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नागपुर से आए एक व्यापारी के ऑटो से यात्रा करते समय उनकी बैग से ₹15,000 (पंद्रह हजार रुपये) की नकदी कस्तूरबा चौक सिग्नल के पास सड़क पर गिर गई।

ड्यूटी पर मौजूद हवलदार सुभाष जाधव की नजर तुरंत सड़क पर गिरी रकम पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित ऑटो को रुकवाया और व्यापारी से नकदी के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद व्यापारी की पहचान तथा रकम के संबंध में पूरी तरह से शहानिशा और पुष्टि की गई।

संतोषजनक पुष्टि होने के बाद पूर्व नगरसेवक एवं कांग्रेस पार्टी के श्री रामू तिवारी की मौजूदगी में ₹15,000 की पूरी नकदी संबंधित व्यापारी को सम्मानपूर्वक और सुरक्षित वापस सौंप दी गई।

पुलिस हवलदार सुभाष जाधव की ईमानदारी, सतर्कता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की उपस्थित नागरिकों ने सराहना की। पुलिस प्रशासन की ओर से भी उनके इस उल्लेखनीय कार्य की प्रशंसा की गई।

कामगिरी करने वाले पुलिसकर्मी:

पुलिस हवलदार सुभाष जाधव (ब. नं. 1949), वाहतूक नियंत्रण शाखा, चंद्रपुर।

हवलदार जाधव द्वारा दिखाई गई ईमानदारी ने पुलिस के प्रति नागरिकों के विश्वास को और मजबूत किया है।