चंद्रपुर, 19 अगस्त: राज्य के आदिवासी विकास मंत्री तथा चंद्रपुर जिले के पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने 16 अगस्त को भद्रावती तहसील के चंदनखेड़ा स्थित शासकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक आश्रमशाला का दौरा कर स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन भी किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, मनपा आयुक्त अकुनुरी नरेश, चिमूर आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी जागृति कुमरे, सहायक परियोजना अधिकारी एम.वी. डुले, चंदनखेड़ा के सरपंच नयन जांभुळे, स्कूल के मुख्याध्यापक जी.बी. सोनोंने, अधीक्षक डी.टी. पोटदुखे, अधीक्षिका के.वी. गाडगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने कहा कि विद्यार्थी यहां शिक्षा प्राप्त करने के लिए आए हैं। शिक्षा के माध्यम से जीवन में सफलता हासिल कर अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़े और वे वरिष्ठ अधिकारियों को अपना आदर्श मानें, इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन के कलेक्टर, एसपी, सीईओ और आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी विद्यार्थियों से मिलने आए हैं।
उन्होंने कहा कि आश्रमशाला के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों को महीने में कम से कम एक बार विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना चाहिए। शिक्षकों को विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना चाहिए। इसके लिए अपनी कार्यशैली और मानसिकता में बदलाव लाने की आवश्यकता है।
पालकमंत्री ने कहा कि इन्हीं विद्यार्थियों के कारण शिक्षकों को वेतन मिलता है और उसी वेतन से उनके परिवार का पालन-पोषण होता है। इसलिए विद्यार्थियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कार्य करें। विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। आश्रमशाला के विद्यार्थियों के चेहरों पर हमेशा मुस्कान बनी रहे और इस आश्रमशाला को हमेशा अग्रणी बनाए रखने का लक्ष्य होना चाहिए।
खेल शिक्षक की मांग पर तत्काल आश्वासन
इस दौरान एक विद्यार्थी ने स्कूल में खेल शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की। पालकमंत्री डॉ. उईके ने तत्काल सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए स्कूल को एक खेल शिक्षक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल में एस्ट्रोनॉमी लैब और मैथ्स लैब का उद्घाटन भी किया।
विद्यार्थियों के साथ पंगत में भोजन
दौरे के दौरान पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके, जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, मनपा आयुक्त अकुनुरी नरेश सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ पंगत में बैठकर भोजन किया।





