वारोरा, 18 अगस्त। वारोरा शहर में गश्त के दौरान स्थानीय अपराध शाखा, चंद्रपुर और वारोरा पुलिस की अपराध जांच टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध पिस्तौल रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के घर से एक पिस्तौल, मैगजीन और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि वारोरा के मित्रा चौक निवासी संतोष दादाजी सेलोकर (48) ने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और वारोरा पुलिस की अपराध जांच टीम ने उसके घर पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और 50 हजार रुपये नकद मिले। पुलिस ने हथियार एवं अन्य सामग्री जब्त कर ली। पूछताछ में संतोष सेलोकर ने पुलिस को बताया कि उक्त हथियार उसके रिश्तेदार देवा नौकर और उसकी पत्नी भाग्यश्री देवा नौकर, निवासी मित्रा चौक, वारोरा, उसके घर लेकर आए थे।
पुलिस ने संतोष सेलोकर को गिरफ्तार कर वारोरा पुलिस स्टेशन लाया। उसके खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, देवा नौकर और उसकी पत्नी भाग्यश्री की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच वारोरा पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकडे के मार्गदर्शन में तथा स्थानीय अपराध शाखा और वारोरा पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा की गई।





