मुंबई, 17 अगस्त: महाराष्ट्र को समृद्ध और हराभरा बनाने के लिए जलसंवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार ने व्यापक अभियान शुरू किया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर 21 अगस्त को पूरे महाराष्ट्र में ‘जलसंवर्धन दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों से बड़ी संख्या में इस अभियान में सहभागी होने की अपील की है।
21 अगस्त की सुबह राज्य के सभी 36 जिलों में ‘महा वॉकेथॉन- वॉक फॉर वॉटर’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं समेत सभी नागरिकों से इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेने और जलसंवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
युवा पीढ़ी तक जलसंवर्धन का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए रील्स प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में हिस्सा लेने की अपील की है।
इस ऐतिहासिक जलसंवर्धन अभियान से जुड़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञापनों और सोशल मीडिया पर उपलब्ध आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जलसंवर्धन केवल राज्य सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर जलसंवर्धन का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आइए, एकजुट हों, जलदूत बनकर पानी के लिए चलें और ‘पानी अडवा, पानी जिरवा’ (पानी रोकें, पानी जमीन में उतारें) के मूलमंत्र को साकार करें।”





