Home Chandrapur My City चंद्रपुर के 23,508 किसानों को बड़ी राहत, कर्जमाफी के 175.78 करोड़ रुपये...

चंद्रपुर के 23,508 किसानों को बड़ी राहत, कर्जमाफी के 175.78 करोड़ रुपये सीडीसीसी बैंक को प्राप्त

पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026 के तहत मिली राशि

चंद्रपुर, 7 अगस्त: महाराष्ट्र सरकार की ओर से किसानों के लिए शुरू की गई ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026’ के तहत चंद्रपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (सीडीसीसी) के 23,508 किसानों के कर्जमाफी की राशि प्राप्त हो गई है। इन किसानों के लिए कुल 175 करोड़ 78 लाख 55 हजार 144 रुपये की राशि बैंक को प्राप्त हुई है।

महाराष्ट्र सरकार ने 2 जून 2026 को शासन निर्णय जारी कर इस कर्जमुक्ति योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत चंद्रपुर जिले में सीडीसीसी बैंक के लिए कुल 36,757 पात्र किसानों की सूची प्राप्त हुई थी। इनमें से पहले चरण में 23,508 किसानों की कर्जमाफी के लिए यह राशि वितरित की गई है।

मुख्यमंत्री ने वितरित की 5,029 करोड़ रुपये की राशि

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राज्य के पात्र किसानों की कर्जमाफी के पहले चरण के तहत बैंकों को 5,029 करोड़ रुपये की राशि वितरित की। इसमें चंद्रपुर जिले के सीडीसीसी बैंक से जुड़े 23,508 किसान भी शामिल हैं।

कर्जमाफी का लाभ मिलने के बाद किसानों को मौजूदा खरीफ सीजन में खेती के कामों के लिए आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए बैंकों को तत्काल नया खरीफ फसल ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कर्जमुक्त हुए किसानों को आगामी खेती के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी

योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। तकनीकी दिक्कतों और अनावश्यक देरी से बचने के लिए किसानों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

किसानों से आधार प्रमाणीकरण और एग्रीस्टैक पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की गई है। इसके लिए किसान अपने नजदीकी सहकारी संस्था, आपले सरकार सेवा केंद्र (CSC) अथवा संबंधित सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

जिलाधिकारी वसुमना पंत ने किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी करने की अपील की है।

ऑनलाइन शिकायत नहीं हो रही तो ऑफलाइन भी कर सकते हैं शिकायत

यदि किसी किसान को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने में परेशानी हो रही है, तो वह संबंधित तहसील के सहायक निबंधक, सहकारी संस्थाओं के पास लिखित रूप में ऑफलाइन शिकायत दर्ज कर सकता है।

जिला उपनिबंधक, सहकारी संस्थाएं जयसिंग ठाकूर ने किसानों से किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।