Home Chandrapur My City ब्रह्मपुरी में 6 अगस्त को कांग्रेस का जनआक्रोश महामोर्चा, तहसील कार्यालय पर...

ब्रह्मपुरी में 6 अगस्त को कांग्रेस का जनआक्रोश महामोर्चा, तहसील कार्यालय पर होगा प्रदर्शन

ब्रह्मपुरी: किसानों, खेत मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, ओबीसी समाज तथा श्रावणबाळ और संजय गांधी निराधार योजना के लाभार्थियों की लंबित मांगों को लेकर कांग्रेस की ओर से 6 अगस्त को ब्रह्मपुरी में विशाल जनआक्रोश महामोर्चा निकाला जाएगा। यह मोर्चा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार और युवक कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिवानी वडेट्टीवार के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि तालुका भर से हजारों नागरिक इसमें शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार, महामोर्चा दोपहर 12 बजे राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज पटांगण से शुरू होगा। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह तहसील कार्यालय पहुंचेगा, जहां विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार द्वारा जनहित के मुद्दों पर निर्णय लेने में हो रही देरी के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से यह आंदोलन किया जा रहा है।

महामोर्चे के माध्यम से सरकार से वर्ष 2025-26 के धान उत्पादक किसानों को बोनस, 2017 से पहले पात्र किसानों को कर्जमाफी, स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, गोसेखुर्द बांध का पानी वर्षभर उपलब्ध कराने, ओबीसी समाज को खुली श्रेणी में भी आरक्षण का लाभ, ओबीसी जनगणना के लिए अलग कॉलम, ओबीसी छात्रावास प्रवेश का ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने, श्रावणबाळ एवं संजय गांधी निराधार योजना का छह माह का बकाया मानधन जारी करने, रासायनिक खाद, कीटनाशक और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतें कम करने, समाज कल्याण विभाग के एससी-एसटी निधि का उसी वर्ग पर खर्च सुनिश्चित करने, कृषि पंपों के लिए सौर योजना की अनिवार्यता समाप्त कर पूर्व की तरह बिजली कनेक्शन देने, अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में कड़ी कार्रवाई तथा भंडारा-गड़चिरोली समृद्धि महामार्ग के लिए किसानों की जमीन का जबरन अधिग्रहण नहीं करने सहित कई मांगें रखी जाएंगी।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल ज्ञापन सौंपने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कर उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास है। पार्टी ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, ओबीसी समाज, निराधार योजना के लाभार्थियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में महामोर्चे में शामिल होने की अपील की है।

इस संबंध में आयोजित पत्रकार परिषद में तालुका कांग्रेस अध्यक्ष खेमराज तिडके, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हितेंद्र राऊत, नगर परिषद उपाध्यक्ष डॉ. नितीन उराडे सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।