Home Chandrapur My City चंद्रपुर: बस स्टैंड पर महिला यात्री के ₹1.45 लाख के गहने चोरी,...

चंद्रपुर: बस स्टैंड पर महिला यात्री के ₹1.45 लाख के गहने चोरी, रामनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों में चार महिला आरोपियों को दबोचा

चंद्रपुर | प्रतिनिधि

चंद्रपुर के बस स्टैंड क्षेत्र में महिला यात्री के गहने चोरी करने वाले गिरोह का रामनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर पर्दाफाश करते हुए चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए करीब ₹1.45 लाख मूल्य के सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता सुधा नारायण तुर्केले (53), निवासी चोरखिड़की, नागिनाबाग, चंद्रपुर नागपुर जाने के लिए चंद्रपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थीं। बस आने पर चढ़ते समय उनके पर्स से करीब 5 ग्राम वजन की सोने की बालियां तथा 10 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग ₹1.45 लाख बताई गई।

शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 970/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के मार्गदर्शन में अपराध जांच टीम के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी नागवे के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एक टीम को चंद्रपुर बस स्टैंड और दूसरी टीम को पडोली चौक क्षेत्र में तैनात किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रूपा विशाल नाडे (25) और मैना महेंद्र मानकर (35), दोनों निवासी रामेश्वरी, नागपुर बताए। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने नागपुर की ओर रवाना हुई उनकी दो अन्य साथियों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने बरोरा के आनंदवन चौक के पास कार्रवाई करते हुए अनीता पिंटू हाटागडे (35) और ज्योति विजय हाटागडे (32), दोनों निवासी रामेश्वरी टोली, नागपुर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से शिकायतकर्ता के चोरी हुए सोने की बालियां और मंगलसूत्र बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले तथा पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के मार्गदर्शन में अपराध जांच टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सफलतापूर्वक अंजाम दी।