चंद्रपुर, 31 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अंगनवाड़ी सेविका और अंगनवाड़ी सहायिका भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया महाराष्ट्र शासन के प्रचलित नियमों और शासन निर्णयों के अनुसार पूरी तरह मेरिट, पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर की जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति, एजेंट, दलाल या बिचौलिया चयन कराने, मेरिट बढ़ाने या नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे या किसी प्रकार का लाभ मांगता है, तो उसके बहकावे में बिल्कुल न आएं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने कहा है कि भर्ती के लिए किसी भी व्यक्ति को नकद राशि, उपहार या अन्य किसी प्रकार का आर्थिक लाभ देना पूरी तरह गैरकानूनी है। विभाग ऐसे किसी भी लेन-देन को किसी भी परिस्थिति में मान्यता नहीं देता।
विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया केवल शासन द्वारा निर्धारित पात्रता, मेरिट अंक, दस्तावेज़ सत्यापन और नियमानुसार ही पूरी की जाएगी। किसी की सिफारिश या आर्थिक लेन-देन के आधार पर किसी भी उम्मीदवार का चयन नहीं किया जाएगा।
यदि कोई व्यक्ति अंगनवाड़ी सेविका या सहायिका के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है या धोखाधड़ी का प्रयास करता है, तो संबंधित अभ्यर्थी तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला परिषद चंद्रपुर या निकटतम पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी भागवत तांबे ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञापन, शासन के आदेश और समय-समय पर जारी निर्देशों पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया पर वायरल अप्रमाणित संदेशों, अफवाहों और अनधिकृत व्यक्तियों के झूठे दावों से सावधान रहें।




