Home Chandrapur My City साइबर ठगी और नशीले पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई करें: गृह राज्यमंत्री डॉ....

साइबर ठगी और नशीले पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई करें: गृह राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर

चंद्रपुर, 30 जुलाई। महाराष्ट्र के गृह (ग्रामीण) राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने जिला पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि साइबर ठगी और नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री तथा सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की मेहनत की कमाई ठगी का शिकार हो रही है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस को सख्त और प्रभावी कदम उठाने होंगे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के प्रति लोगों में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाना आवश्यक है। साथ ही जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, परिवहन, बिक्री और सेवन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सभी पुलिस थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

बैठक में वसुमना पंत, आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकाडे, सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक उपस्थित थे।

सीमा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी के निर्देश

डॉ. भोयर ने कहा कि चंद्रपुर औद्योगिक एवं राज्य की सीमा से लगा जिला है। ऐसे में गोवंश तस्करी और अवैध वध पर रोक लगाने के लिए सीमा चौकियों पर सघन जांच की जाए। आवश्यकता पड़ने पर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर अचानक निरीक्षण करें। उन्होंने गांव-गांव के पुलिस पाटिलों की कार्यशालाएं आयोजित कर उनकी जिम्मेदारियों के बारे में मार्गदर्शन देने के भी निर्देश दिए।

105 खोए हुए मोबाइल मालिकों को लौटाए गए

पिछले एक महीने में चंद्रपुर पुलिस ने विभिन्न घटनाओं में खोए हुए 105 मोबाइल फोन बरामद किए। गृह राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर के हाथों ये मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लाभार्थियों में अनिकेत दुमारकर, प्रेम किटे और मंगेश फटिंग सहित कई नागरिक शामिल रहे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए बढ़ेगी गश्त

गृह राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए दामिनी पथक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को मुखबिर तंत्र मजबूत करने और आम नागरिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने दी अपराध नियंत्रण की जानकारी

बैठक में पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने जिले की कानून-व्यवस्था, उपलब्ध पुलिस बल, अपराध दर, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, मोक्का प्रकरण, गोवंश संबंधी मामले, तड़ीपार कार्रवाई, साइबर अपराध, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र प्रमाणपत्र वितरण, महिलाओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा यातायात जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।