चंद्रपुर, 15 जुलाई। चंद्रपुर शहर पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 109 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर डीबी स्टाफ गश्त पर था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भीवापुर वार्ड निवासी पांडुरंग बनलवार अपने घर से गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचों की उपस्थिति में उसके घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर के पहले कमरे में पलंग के नीचे रखी एक प्लास्टिक की थैली से सूखे हरे पत्ते, फूल, तने, बीज एवं गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में इसका कुल वजन 1 किलो 109 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(क) एवं 20(ब)(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सोनवणे, डीबी स्टाफ तथा चंद्रपुर सिटी पुलिस स्टेशन की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




