
चंद्रपुर, 23 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान के लिए 1 अक्टूबर 2026 को पात्रता तिथि निर्धारित की गई है। इसी क्रम में चंद्रपुर जिले में एसआईआर अभियान के अंतर्गत 86.56 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वसुमना पंत ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार परिषद में दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में मैपिंग की स्थिति इस प्रकार है— राजुरा विधानसभा क्षेत्र में 92.99 प्रतिशत, चंद्रपुर में 70.18 प्रतिशत, बल्लारपुर में 87.25 प्रतिशत, ब्रह्मपुरी में 92 प्रतिशत, चिमूर में 93.13 प्रतिशत तथा वरोरा विधानसभा क्षेत्र में 88.04 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों का औसत मैपिंग प्रतिशत 86.56 दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 17 लाख 97 हजार 655 मतदाताओं में से 15 लाख 56 हजार 64 मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष मतदाताओं का मैपिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसआईआर कार्यक्रम के तहत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता विवरणों का सत्यापन, आवश्यक संशोधन, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड का अद्यतन, दोहरी प्रविष्टियों की जांच तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी वसुमना पंत ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच करें और आवश्यकता होने पर नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय प्रतिनिधियों की भी इसमें सहभागिता रहेगी। नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
एसआईआर कार्यक्रम का निर्धारित कार्यक्रम
20 से 29 जून 2026 : प्रशिक्षण एवं पूर्व तैयारी
30 जून से 29 जुलाई 2026 : बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान
29 जुलाई 2026 तक : मतदान केंद्रों का सुव्यवस्थितकरण
5 अगस्त 2026 : प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 : दावा एवं आपत्तियां स्वीकार करने की अवधि
5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 : दावा एवं आपत्तियों का निस्तारण
7 अक्टूबर 2026 : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड करने का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है।




