चंद्रपुर | 29 जुलाई 2026
चंद्रपुर शहर के रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.95 ग्राम मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स और एक मोबाइल फोन समेत कुल ₹1,44,750 का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात स्थानीय अपराध शाखा की टीम रामनगर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि ललित उर्फ आर्यन बादल कंजर (38), निवासी कंजर मोहल्ला, जलनगर वार्ड, चंद्रपुर अपने पुराने घर से MD ड्रग्स की अवैध बिक्री कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाद पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी में क्या मिला?
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से:
– 18.95 ग्राम मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स — अनुमानित कीमत ₹94,750
– Oppo Reno 15 5G मोबाइल फोन — कीमत ₹50,000
बरामद किया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत ₹1,44,750 है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में रामनगर पुलिस थाने में NDPS Act, 1985 की धारा 8(क), 22(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए रामनगर पुलिस के हवाले किया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास MD ड्रग्स कहां से पहुंचा और इस मामले में उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
LCB की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकडे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल कचोरे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में सपोनि योगेश हिवसे, सपोनि दीपक कांकडवार, पोलीस अंमलदार विनोद भुरले, सुनील गौरकर, सर्वेश बेलसरे, सतीश, इमरान, लालू, संदीप, हीरालाल, किशोर, शशांक तथा महिला पुलिस अंमलदार छाया सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों ने सहभाग लिया।




