
पोदार इंटरनेशनल स्कूल, नागपुर के विद्यार्थियों को एक बार फिर विश्वप्रसिद्ध फ्रीस्टाइल फुटबॉलर जेमी नाइट से प्रेरणा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला। विश्व के शीर्ष दस फ्रीस्टाइल फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल तथा अनेक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के धारक जेमी नाइट की उपस्थिति से विद्यालय परिसर में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
भारत की सातवीं यात्रा पर आए जेमी नाइट ने पोदार एजुकेशन नेटवर्क की स्पोर्ट्स एक्सीलेंस पहल के अंतर्गत पोदार इंटरनेशनल स्कूल, नागपुर में एक विशेष प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया। इस सत्र का उद्देश्य खेल के माध्यम से विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, एकाग्रता, अनुशासन और दृढ़ता जैसे गुणों का विकास करना था।
जेमी नाइट फुटबॉल पर असाधारण नियंत्रण कौशल और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ सहयोग के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने यूईएफए यूरो 2020 में आधिकारिक वैश्विक मैस्कॉट के रूप में सहभागिता की है, वहीं 2017 और 2018 में आयोजित यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में भी विशेष प्रस्तुतियाँ दी हैं। उनकी रोमांचक कसरतों और सटीक तकनीक ने विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर जेमी नाइट ने कहा, “भारत में पुनः आना और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, कौशल तथा सृजनात्मकता में हुए सकारात्मक बदलाव को देखना सदैव आनंददायक होता है। पोदार इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों का उत्साह, ऊर्जा और प्रतिभा मुझे निरंतर प्रेरित करती है।”
इस अवसर पर पोदार एजुकेशन नेटवर्क के निदेशक हर्ष पोदार ने कहा, “जेमी नाइट का हमारे संस्थान में बार-बार आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। उनकी प्रत्येक यात्रा हमारे विद्यार्थियों पर गहरा और स्थायी प्रभाव छोड़ती है। उनकी कार्यशालाएँ केवल फुटबॉल कौशल तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और धैर्य जैसे जीवन मूल्यों का भी विकास करती हैं। पोदार में हमारा विश्वास है कि ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और पाठ्यपुस्तकों से परे जाकर सीखने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।”
जेमी नाइट के अनुसार, फ्रीस्टाइल फुटबॉल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि मानसिक शक्ति, आत्मविश्वास और सकारात्मक एवं प्रगतिशील सोच (Growth Mind set) को भी विकसित करता है। यह दृष्टिकोण पोदार एजुकेशन नेटवर्क की समग्र और सर्वांगीण शिक्षा की प्रतिबद्धता के पूर्णतः अनुरूप है।
98 वर्षों की गौरवशाली विरासत के साथ, पोदार एजुकेशन नेटवर्क भारतभर में अपने विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय अवसर प्रदान करता आ रहा है। शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल और कला के समन्वय के माध्यम से संस्था का उद्देश्य वैश्विक दृष्टिकोण से युक्त, आत्मनिर्भर और संवेदनशील व्यक्तित्वों का निर्माण करना है।
पोदार एजुकेशन नेटवर्क क्या है।
सन 1927 में सेठ आनंदीलाल पोदार द्वारा स्थापित इस शैक्षणिक नेटवर्क को आनंदीलाल पोदार ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष के रूप में महात्मा गांधी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। ईमानदारी, सेवा और उत्कृष्टता जैसे मूल्यों पर आधारित पोदार एजुकेशन नेटवर्क आज 150 से अधिक विद्यालयों और 2,50,000 से अधिक विद्यार्थियों के साथ भारत के शिक्षा क्षेत्र में सबसे विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नामों में से एक है।









