Home Chandrapur My City टावर हिल के जंगल में पुलिस का बड़ा छापा, जुआ अड्डे से...

टावर हिल के जंगल में पुलिस का बड़ा छापा, जुआ अड्डे से ₹40.04 लाख की संपत्ति जब्त

20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस की घेराबंदी देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

चंद्रपुर, 9 अगस्त 2026: चंद्रपुर के टावर हिल क्षेत्र के घने जंगल में चल रहे कथित जुआ अड्डे पर रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। पुलिस ने मौके से जुए से संबंधित सामग्री के साथ कुल ₹40 लाख 4 हजार 771 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। इस मामले में महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले को गोपनीय सूचना मिली थी कि टावर हिल के वन क्षेत्र में कुछ लोग 52 पत्तों पर पैसे की शर्त लगाकर जुआ खेल रहे हैं और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जुआ अड्डा घने जंगल के बीच पेड़ों और झाड़ियों से घिरा होने के कारण पुलिस ने विशेष रणनीति बनाकर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने भेष बदलकर जंगल को चारों ओर से घेर लिया और बिना जुआरियों को भनक लगे धीरे-धीरे अड्डे की ओर बढ़ी। इसके बाद रात करीब 10:36 बजे अचानक छापा मारा गया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने कई लोगों को मौके पर पकड़ लिया।

इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने इमरान खान रशीद खान, अनिल पंढरीनाथ धोंगड़े, सागर मुरली नागरे, मंसूर असरार अहमद, अरशद चंद शेख, अमोल नीलकंठ तड़स, सुरेश पुनराज वावरे, गुड्डु अंडेवाला, हरि पुंजारी, अमित माखन गुप्ता, जावेद शेख, भीमराव मौलिकर, सूरज उर्फ सूरा, वतन कांबले, सादिक ईरानी, राहुल कोमती, येलन्ना मामीडवार, राज बब्बर, मुन्ना माधव मिश्रा और धनराज सावरकर सहित दो-तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए से संबंधित सामग्री सहित ₹40,04,771 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकाडे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके, सहायक पुलिस निरीक्षक हनुमान उगले सहित रामनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

घने जंगल में जुआ अड्डे की घेराबंदी कर की गई इस कार्रवाई से अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।