चंद्रपुर | सड़क सुरक्षा को लेकर चंद्रपुर पुलिस ने नाबालिग और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 7 अगस्त 2026 को यातायात नियंत्रण शाखा और जिले के सभी पुलिस थानों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान यातायात नियंत्रण शाखा, चंद्रपुर ने 52 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹1,26,000 का जुर्माना वसूला।
वहीं, जिले के विभिन्न पुलिस थानों ने 223 मामलों में कार्रवाई कर ₹12,56,000 का जुर्माना लगाया।
इस प्रकार पूरे जिले में कुल 275 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹12,82,000 का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नाबालिगों तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अभिभावकों से पुलिस की अपील
चंद्रपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या अन्य वाहन चलाने की अनुमति न दें। कम उम्र के कई बच्चे तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे उनकी और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।




