ब्रह्मपुरी (चंद्रपुर), 7 अगस्त। ब्रह्मपुरी तहसील के तोरगांव क्षेत्र से गुजरने वाली गोसेखुर्द दाहिनी नहर के निर्माण कार्य में कथित घटिया गुणवत्ता का मामला सामने आया है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार नहर में निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं, जबकि कुछ हिस्सों में संरचना धंसने की भी शिकायत है। इससे खरीफ सीजन के दौरान किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी समय पर नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं विधायक विजय वडेट्टीवार ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार और सिंचाई विभाग के अधिकारियों व इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाई।

जानकारी के अनुसार, गोसेखुर्द दाहिनी नहर के ‘क्रिटिकल पैच’ के निर्माण के लिए एम.के.एस., बीआईपीएल और सरला कंपनी को लगभग 235 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था। हालांकि, कार्य पूरा करने की समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद अब तक केवल 15 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है। निरीक्षण के दौरान पूर्ण हुए कार्य की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई, जिससे पूरे प्रकरण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इससे पहले भी निर्माण कार्य में देरी और किसानों तक समय पर पानी नहीं पहुंचने के विरोध में किसानों ने कार्यकारी अभियंता के कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों की कथित मिलीभगत के कारण घटिया निर्माण कार्य किया गया है और किसानों के हक के पानी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों की बर्बादी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों, इंजीनियरों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, घटिया निर्माण कार्य करने वाली एम.के.एस. कंपनी को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग उठाई।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता सुहास मोरे सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद थे। वडेट्टीवार ने अधिकारियों से कार्य की विस्तृत जानकारी लेते हुए नहर की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा करने और किसानों को निर्बाध सिंचाई जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कांग्रेस तालुका अध्यक्ष खेमराज तिडके, उपनगराध्यक्ष डॉ. नितीन उराडे, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रमोद चिमुरकर, शहर अध्यक्ष हितेंद्र राऊत, सुधीर शिवुरकर, संजय राऊत, विनोद बरले सहित कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।




