भाजपा ने देश को लूटकर उद्योगपतियों के हवाले किया, देश को गिरवी रखने का महापाप किया: विजय वडेट्टीवार

ब्रह्मपुरी के जनआक्रोश महामोर्चा में सरकार पर जमकर बरसे, हजारों लोगों ने किया हल्लाबोल

ब्रह्मपुरी, 6 अगस्त। केंद्र और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस द्वारा गुरुवार को ब्रह्मपुरी में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार के नेतृत्व में विशाल जनआक्रोश महामोर्चा निकाला गया। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज क्रीड़ांगण से शुरू हुए इस मार्च में हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं, युवा, मजदूर तथा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सरकार विरोधी नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

सभा को संबोधित करते हुए विजय वडेट्टीवार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता का उपयोग आम जनता के हित में नहीं, बल्कि चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने, सरकारी संस्थानों को कमजोर करने और महंगाई के बोझ तले आम लोगों को दबाने का काम सरकार ने किया है। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि “देश को लूटकर उद्योगपतियों के हवाले कर दिया गया और देश को गिरवी रखने का महापाप भाजपा सरकार ने किया है।”

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है और किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पूरी तरह विफल रही है।

वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले लाड़की बहन योजना के नाम पर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद करीब एक करोड़ महिलाओं को इस योजना से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि धान उत्पादक किसानों को बोनस नहीं मिला और कर्जमाफी की घोषणा भी किसानों के लिए बेअसर साबित हुई।

उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना “40 प्रतिशत कमीशन” के कोई काम नहीं हो रहा है। गोसेखुर्द परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने इस परियोजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दिलाई थी, जिससे सिंचाई को बढ़ावा मिला। लेकिन वर्तमान सरकार में परियोजना की गति धीमी पड़ गई है, जिसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।

समृद्धि महामार्ग के विस्तार के लिए उपजाऊ कृषि भूमि का कम मुआवजे पर अधिग्रहण किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बर्बाद करने की साजिश कर रही है। उन्होंने किसानों के हक की लड़ाई जारी रखने का भरोसा दिलाया।

शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि हजारों स्कूल बंद करने के फैसले से विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के जरिए जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की और कहा कि जनता अब इस जनविरोधी सरकार को सबक सिखाएगी।

युवा कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिवानी वडेट्टीवार ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। सभा के बाद तहसीलदार के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें महंगाई पर नियंत्रण, बेरोजगारों को रोजगार, किसानों को उचित समर्थन मूल्य, महिलाओं की सुरक्षा तथा आम जनता पर आर्थिक बोझ कम करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।

इस जनआक्रोश महामोर्चा में युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव शिवानी वडेट्टीवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वजीत कोवासे, खेमराज तिडके, हितेंद्र राऊत, प्रभाकर सेलोकर, राजेश कांबले, प्रमोद चिमुरकर, योगेश मिसार, डॉ. नितीन उराडे, थानेश्वर कायरकर, सोनू नाकतोडे सहित हजारों नागरिक मौजूद रहे।