
मुंबई: विधायक किशोर जोरगेवार ने मुंबई रेलवे पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2026 में ओबीसी वर्ग की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) तत्काल जारी करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुंबई स्थित मंत्रालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा संबंधित पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
विधायक जोरगेवार ने कहा कि मुंबई रेलवे पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया था। अंतिम परिणाम घोषित हुए लगभग दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन ओबीसी वर्ग की प्रतीक्षा सूची अब तक जारी नहीं की गई है। इससे पात्र एवं योग्य अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रतीक्षा सूची जारी नहीं होने के कारण कई मेधावी उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे उनके भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान विधायक जोरगेवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक युवा कठिन परिस्थितियों में कड़ी मेहनत कर पुलिस भर्ती की तैयारी करते हैं। ऐसे में प्रशासनिक देरी के कारण उनके अवसर प्रभावित होना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि ओबीसी वर्ग की प्रतीक्षा सूची तत्काल जारी की जाए तथा पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
विधायक जोरगेवार के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनकी मांग का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से इस मामले की जानकारी मांगी है। उन्होंने आवश्यक जानकारी प्राप्त होने के बाद उचित कार्रवाई करने का सकारात्मक आश्वासन भी दिया है।
विधायक किशोर जोरगेवार ने विश्वास व्यक्त किया कि चंद्रपुर सहित पूरे राज्य के पात्र और मेधावी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए वे लगातार इस मुद्दे की निगरानी करते रहेंगे।




