चंद्रपुर | राजुरा | 1 अगस्त 2026
राजुरा पुलिस ने अवैध सुगंधित तंबाकू एवं पान मसाला उत्पादों के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10,10,922 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल और परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप (MH-34-BG-7094) जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को राजुरा पुलिस स्टेशन की अपराध जांच टीम अवैध कारोबार के खिलाफ गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोगापुर फाटा क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में हुक्का शीशा तंबाकू, सुगंधित तंबाकू, पान मसाला और सुपारी सहित विभिन्न ब्रांडों के प्रतिबंधित उत्पाद बरामद किए गए। जब्त सामग्री में होला हुक्का शीशा तंबाकू, ईगल हुक्का शीशा तंबाकू, क्रेज़ तंबाकू, वी-1 तंबाकू, महाक चैनी प्रीमियम फिल्टर तंबाकू, विमल पान मसाला और REX गोल्ड सुपारी शामिल हैं।
पुलिस ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया। जब्त माल एवं वाहन सहित कुल कीमत 10,10,922 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन दयाशंकर तिवारी (28 वर्ष), निवासी कोठारी, तहसील बल्लारशाह, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कटकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी तथा पुलिस निरीक्षक नितिन चिंचोलकर के मार्गदर्शन में राजुरा पुलिस की अपराध जांच टीम ने की।




